भोपाल में स्वीकृत सड़क का पता नहीं, डिप्टी सिटी इंजीनियर की लापरवाही उजागर

नगर निगम की टाइम-लिमिट बैठक में एक बार फिर इंजीनियरों की लापरवाही सामने आई। बैठक की शुरुआती समीक्षा के दौरान निगमायुक्त संस्कृति जैन ने डिप्टी सिटी इंजीनियरों से पूर्व में दिए गए निर्देशों की स्थिति रिपोर्ट मांगी, लेकिन कोई भी अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिए कि फील्ड रिपोर्ट समय पर दी जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
आईएसबीटी स्थित नगर निगम मुख्यालय में हुई बैठक में अपर आयुक्त, सहायक आयुक्त, डिप्टी सिटी इंजीनियर और स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में आयुक्त ने फील्ड क्रियान्वयन की स्थिति जानी और कई खामियों की पहचान की।
सबसे अधिक सवाल जोन 14 के डिप्टी सिटी इंजीनियर बृजेश कौशल से पूछे गए। आयुक्त ने वर्ष 2014 में स्वीकृत एक महत्वपूर्ण सड़क के काम में देरी पर सवाल उठाया। जब उनसे पूछा गया कि यह सड़क किस स्थान पर बननी है, तो वे जवाब नहीं दे सके। जानकारी के अनुसार, वे जोन 14 की कई महत्वपूर्ण फाइलें लंबे समय से अपनी कार में रखकर घूम रहे थे, जिसकी सूचना पहले ही आयुक्त तक पहुंच चुकी थी।
वेतन फाइलों की जांच के दौरान कर्मचारियों की संख्या बढ़ने पर भी आयुक्त ने आश्चर्य व्यक्त किया। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी से पूछताछ में पता चला कि कुछ फाइलों में नेताओं के करीबी लोगों के नाम जोड़ दिए गए थे। आयुक्त ने सभी जोनों के स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की उपस्थिति हाजिरी रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।





