दीपक बैज ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, लाठीचार्ज और किसानों के मुद्दे पर किया विरोध

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज करना गलत है और कांग्रेस इसका विरोध करती है।
मीडिया से बात करते हुए दीपक बैज ने आरोप लगाया कि कोल माइंस और जमीन से जुड़े मामलों में लोगों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ में श्री सीमेंट को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन पर भी लाठीचार्ज किया गया, जबकि सरकार को लोगों से बातचीत करनी चाहिए थी।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महासमुंद जिले का एक किसान टोकन के लिए परेशान होता रहा और टोकन नहीं मिलने से उसने आत्महत्या कर ली। बैज ने आरोप लगाया कि धान खरीदी में गलत नियम लागू किए जा रहे हैं और न ऑनलाइन न ही ऑफलाइन टोकन मिलने से किसान बेहद परेशान हैं।
बस्तर के स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि पूरे बस्तर संभाग में ओपीडी की पर्ची काटना बंद कर दिया गया है और डॉक्टर-नर्स अनिश्चितकालीन धरने की तैयारी में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 16 महीनों से डॉक्टरों और नर्सों को प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है, जबकि वे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जोखिम उठाकर काम कर रहे हैं।
सरकारी अस्पतालों में दवा में मांस के टुकड़े मिलने के आरोप पर दीपक बैज ने इसे बेहद गंभीर मामला बताया और कहा कि प्रदेश में नकली दवाइयां बिक रही हैं। उन्होंने इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया और स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफे की मांग की।





