रतलाम के धौंसवास में प्रशासन की कार्रवाई पर हंगामा, मालवीय समाज ने फोरलेन पर लगाया जाम

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के धौंसवास गांव में निर्माणाधीन मालवीय समाज धर्मशाला को हटाने के लिए गुरुवार सुबह प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ पहुंची। सुबह 5 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया। समाज के महिला-पुरुष और बच्चों ने बड़ी संख्या में महू-नीमच फोरलेन के दोनों हिस्सों पर बैठकर जाम लगा दिया।

जाम के कारण फोरलेन पर दोनों ओर करीब 5 किलोमीटर लंबी वाहन कतारें लग गईं। विरोध कर रहे लोगों को समझाने के लिए मौके पर एसडीएम आर्ची हरित, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, एसडीपीओ किशोर पाटनवाला और थाना प्रभारी गायत्री सोनी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार लोगों को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं।

मालवीय समाज के लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने धर्मशाला हटाने की कार्रवाई की कोई पूर्व सूचना नहीं दी। समाजजन का कहना है कि यह धर्मशाला 15 वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अचानक सुबह प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंच गया। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि यह अतिक्रमण है तो अन्य समाजों के अतिक्रमण भी हटाए जाएं।

प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य शासकीय नाले को ब्लॉक कर किया जा रहा था। राजस्व और पंचायत विभाग द्वारा संबंधित निर्माणकर्ताओं और उपसरपंच को दो बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण बंद नहीं किया गया। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया।

फोरलेन पर जाम के चलते वाहनों की लंबी लाइनें लग गई हैं और पुलिस व प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button