फर्जी कर्नल बनकर सेना में भर्ती का झांसा, रिटायर्ड फौजी से 15 लाख की ठगी

सिंगरौली के एक सेवानिवृत्त सैनिक को उसके बेटे और भतीजे की सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर एक ठग ने 15 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी ने खुद को कर्नल बताकर सेना की वर्दी में मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि वह दोनों की नियुक्ति अग्निवीर और सुरक्षा अधिकारी के रूप में करा देगा।

पहली मुलाकात लखनऊ में हुई, जहां आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 7.50 लाख रुपये लिए। इसके बाद ग्वालियर में सेना भर्ती कार्यालय के पास दूसरी किस्त के तौर पर 7.50 लाख रुपये और ले लिए। साथ ही फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिए। जब रिटायर्ड फौजी अपने बेटे और भतीजे को लेकर सेना भर्ती कार्यालय पहुंचे, तो यह स्पष्ट हुआ कि दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं।

रिटायर्ड सैनिक भूपेंद्र पांडे के अनुसार उनका बेटा सेना में नर्सिंग असिस्टेंट पद के लिए आवेदन कर चुका था और लखनऊ में शारीरिक परीक्षा में असफल रहा था। उसी दौरान सेना की वर्दी में एक युवक मिला, जिसकी नेम प्लेट पर एसएन राव लिखा था। उसने दावा किया कि वह नौकरी लगवा सकता है और रिटायर्ड फौजियों के लिए भी एमइएस में भर्तियां निकली हैं। दो दिन के भीतर उसने कुल 15 लाख रुपये ऐंठ लिए और ग्वालियर बुलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिए।

जब ज्वाइनिंग और रिपोर्टिंग डेट की पुष्टि कराने के लिए भर्ती कार्यालय पहुंचे, तभी ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित ने ग्वालियर में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और ठगी के इस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button