केंद्रीय मंत्री सिंधिया का अनोखा तोहफ़ा, गुना में डमी फोन पर चर्चित विधायक संग ली चुटकी

मध्यप्रदेश के गुना में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का हल्का-फुल्का और मजाकिया रूप देखने को मिला। उद्घाटन स्थल पर लगे डमी फोन पर उन्होंने स्थानीय विधायक पन्नालाल शाक्य को चुटकी लेते हुए कहा, “हैलो पन्नालाल जी, मैं ज्योतिरादित्य बोल रहा हूं, आज किसकी बारी है? मुझे तो कम से कम बक्श देना।” उनके इस हास्य-व्यंग्य पर वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए और माहौल खुशनुमा हो गया।

सिंधिया शनिवार शाम मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और जिला पंचायत की संयुक्त पहल ‘जिज्जी की पंचायत रेस्टो मार्ट’ के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने औपचारिक रूप से फीता काटकर मार्ट का शुभारंभ किया और इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए बड़ा अवसर बताया।

‘जिज्जी की पंचायत रेस्टो मार्ट’ में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय उत्पाद और हस्तनिर्मित वस्तुओं की बिक्री की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने कहा कि यह प्रयास ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक मजबूती, पहचान और बाजार तक पहुंच देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

मंत्री ने मार्ट के विभिन्न स्टालों का जायजा लेते हुए स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया, उनके काम की सराहना की और परिसर में स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए गए रसगुल्लों का स्वाद चखा और उनकी तारीफ भी की।

महिलाओं की आर्थिक प्रगति को रेखांकित करते हुए बताया गया कि इस पहल से जुड़े तीन स्व-सहायता समूहों की लगभग 25 महिलाएं प्रतिदिन 500 से 1200 रुपये तक कमा रही हैं। यह कमाई उनके आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण को तेजी से बढ़ा रही है।

रेस्टो मार्ट परिसर में मनोरंजन और खेल गतिविधियों की भी सुविधा है, जिसमें सुपर लूडो, स्नेक एंड लैडर, टेबल टेनिस और मिनी क्रिकेट जैसे विकल्प मौजूद हैं। उद्घाटन के बाद सिंधिया ने खुद भी खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया, मिनी क्रिकेट मैदान में बल्लेबाजी की और ब्लैक कॉफी का आनंद लिया। लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनके साथ मौजूद नागरिकों ने भी खेल और कार्यक्रम का पूरा आनंद उठाया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई