कश्मीर में शून्य से नीचे पहुंचा पारा, उत्तर भारत कांपा; 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रातों में से एक है। हिमाचल और उत्तराखंड में भी बर्फीली हवाओं और पाले ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई ऊंचाई वाले इलाकों में नदी-नाले जमने लगे हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और ठिठुरन बढ़ रही है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान में गिरावट जारी है। आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह-शाम 20–25 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाओं के बावजूद प्रदूषण से राहत की उम्मीद कम है। वहीं, यूपी में आगरा, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी और अलीगढ़ समेत कई जिलों में तापमान तेजी से गिरने की आशंका है। पश्चिमी यूपी में शीतलहर का असर दिखने की संभावना है।
बिहार में भी सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है और 15–20 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं ठंड बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
जहां उत्तर भारत में शीतलहर की स्थिति बन रही है, वहीं दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार में आज भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।





