रायपुर में 250 से अधिक परिवारों की घर वापसी, स्वामी नरेंद्राचार्य के सानिध्य में हुआ कार्यक्रम

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढियारी स्थित दहीहांडी मैदान में रविवार को एक विशेष घर वापसी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी नरेंद्राचार्य महाराज के सानिध्य में 250 से अधिक परिवारों ने अपने मूल धर्म में वापसी की।
इस मौके पर भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और सच्चिदानंद उपासने भी मौजूद रहे। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने घर वापसी कर रहे परिवारों के पैर धोकर उनका स्वागत किया।
घर वापसी करने वाले लोगों ने बताया कि उन्हें पहले बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराया गया था। उन्हें कहा गया था कि इससे उनके जीवन में सुधार होगा, लेकिन बाद में उन्हें उस धर्म में कोई शांति नहीं मिली और उन्होंने दोबारा अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
स्वामी नरेंद्राचार्य ने बताया कि अब तक वे देशभर में करीब 1 लाख 53 हजार परिवारों की घर वापसी करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन गलत है और इसे रोकने के लिए सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए।
स्वामी जी ने यह भी कहा कि कई स्कूलों में प्रभु ईसू के बारे में पढ़ाया जाता है, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से धर्मांतरण को बढ़ावा मिलता है।





