बलौदाबाजार में सिंचाई व्यवस्था में बड़ी छलांग, 25 साल में 90% नहरें हुईं पक्की – 62 हजार एकड़ अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई संभव

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्षों में जल संसाधन विभाग ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सिंचाई के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पहले जहां ज्यादातर नहरें कच्ची और जर्जर थीं, वहीं अब 90 प्रतिशत नहरों का पक्कीकरण कार्य पूरा हो चुका है।

विभाग के अनुसार, राज्य गठन के समय बलौदाबाजार जल प्रबंध संभाग, लोअर महानदी संभाग रायपुर के नाम से जाना जाता था। वर्ष 2001 में जल प्रबंध संभाग क्रमांक-2 के गठन के बाद राज्य शासन ने नहरों के सुधार और नई परियोजनाओं के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया।

अब तक 74 नई मध्यम और लघु सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण किया गया है। नहरों की मरम्मत, सीसी लाइनिंग और रिमॉडलिंग का काम हर साल विभागीय बजट के जरिए कराया गया। इसके परिणामस्वरूप जिले में सिंचित क्षेत्र 21,97,90 एकड़ से बढ़कर 2,81,937 एकड़ हो गया है, यानी करीब 62,147 एकड़ अतिरिक्त भूमि में सिंचाई संभव हो पाई है।

मुख्य परियोजनाएं:

महानदी मुख्य नहर: गंगरेल बांध से निकलने वाली इस नहर से जिले के 4 विकासखंडों के 253 गांवों की 1,97,064 एकड़ भूमि में सिंचाई हो रही है। साथ ही 278 गांवों के 506 तालाबों को गर्मी के दिनों में निस्तारी जल मिलता है।

जोंक व्यपवर्तन योजना: अर्जुनी गांव के पास 1976 में बनी इस योजना से कसडोल विकासखंड के 89 गांवों के 47,166 किसानों को 25,572 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिल रही है।

बलार जलाशय परियोजना: कसडोल विकासखंड में बलार नाला पर बनी इस परियोजना से 16,091 एकड़ भूमि में सिंचाई हो रही है, जबकि इसकी मूल क्षमता 13,570 एकड़ है।

मध्यम और लघु परियोजनाएं: जिले में अब कुल 127 ऐसी परियोजनाएं हैं, जो पहले मात्र 53 थीं। इनसे 43,210 एकड़ भूमि में सिंचाई हो रही है।

किसानों के जीवन में बदलाव:

सिंचित क्षेत्र बढ़ने से जिले के किसानों की पैदावार में निरंतर वृद्धि हुई है। साथ ही सरकार द्वारा फसलों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी से किसानों की आमदनी और जीवन स्तर दोनों में सुधार आया है।

बलौदाबाजार अब राज्य के उन जिलों में शामिल हो गया है, जहां सिंचाई सुविधाओं ने खेती को आत्मनिर्भर बनाया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई