भिलाई से रायपुर में सप्लाई हो रही थी प्रतिबंधित कोडीन सिरप, दो युवक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में एम्स रायपुर के पास प्रतिबंधित नशीली कोडीन सिरप बेचते हुए दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ई-रिक्शा में सिरप की बोतलें रखकर बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 बोतलें जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज सिंह और वाजिद खान के रूप में हुई है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) को सूचना मिली थी कि आमानाका थाना क्षेत्र के एम्स गेट नंबर-4 के पास कुछ युवक नशीली सिरप बेचने की तैयारी में हैं। इस सूचना पर एसीसीयू और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया। तलाशी में ई-रिक्शा से कोडीन सिरप की बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह सिरप भिलाई से सप्लाई की जाती थी और वे रायपुर में इसकी बिक्री करते थे। पुलिस अब उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है ताकि पूरे तस्करी गिरोह का खुलासा किया जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी युवराज सिंह पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। वह मध्यप्रदेश से अवैध शराब की तस्करी करता था। उस समय पुलिस ने उसकी तीन कारें भी जब्त की थीं। अब वह अपने साथी वाजिद खान के साथ नशीली सिरप की सप्लाई में शामिल था।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भिलाई से रायपुर तक नशीली सिरप की सप्लाई किन माध्यमों से की जा रही थी और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई से राजधानी में सक्रिय नशा तस्करों पर पुलिस की सख्त निगरानी का संकेत मिलता है।





