रायपुर: धर्मांतरण के अड्डे का बजरंग दल ने किया भंडाफोड़, कई लोग हिरासत में

रायपुर। राजधानी रायपुर में धर्मांतरण को लेकर फिर बवाल मच गया। बजरंग दल ने कथित तौर पर एक जगह पर चल रहे धर्मांतरण के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कई लोगों को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि जनता से रिश्ता ने इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन वीडियो में छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेते नजर आ रहे हैं।
इस बीच, सरस्वती नगर के कुकुरबेड़ा इलाके में धर्मांतरण के मुद्दे पर दो पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि थाने के अंदर ही एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के युवकों को पीट दिया। पूरी घटना पुलिस के सामने हुई।
इससे पहले भी पुरानी बस्ती और खमतराई में धर्मांतरण को लेकर विवाद हो चुका है। लगातार ऐसे मामलों के बढ़ने से शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पहले जहां लोग केवल विरोध-प्रदर्शन करते थे, अब स्थिति झगड़े और हिंसा तक पहुंच चुकी है। अफसरों के लिए इन हालातों को संभालना मुश्किल हो रहा है।





