बस्तर बन रहा उद्योग और पर्यटन का नया हब, युवाओं के लिए बढ़ रहे रोजगार

रायपुर। छत्तीसगढ़ का बस्तर क्षेत्र अब केवल अपनी संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि नए औद्योगिक और पर्यटन विकास के लिए भी तेजी से उभर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों, निवेश प्रोत्साहन और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण बस्तर अब निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
बस्तर खनिजों में समृद्ध क्षेत्र है। यहां आयरन ओर, बॉक्साइट, चूना पत्थर और डोलोमाइट की प्रचुरता के कारण स्टील, एल्युमिनियम और सीमेंट उद्योग तेजी से स्थापित हो रहे हैं। NMDC स्टील प्लांट और अन्य निजी परियोजनाएं क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति दे रही हैं।
खनिज उद्योग के अलावा, बस्तर में कृषि और वनोपज आधारित उद्योगों की भी बड़ी संभावनाएं हैं। तेंदूपत्ता, इमली, महुआ और लाख जैसी उत्पादों पर आधारित खाद्य प्रसंस्करण, हर्बल और हैंडीक्राफ्ट उद्योग आदिवासी समुदाय को सीधे आर्थिक लाभ दे रहे हैं।
पर्यटन क्षेत्र में भी बस्तर तेजी से उभर रहा है। इंद्रावती नदी में बैम्बू राफ्टिंग, कांगेर घाटी और बारसूर में जंगल सफारी और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियां युवाओं को रोजगार दे रही हैं। ग्रामीण इलाकों में होम-स्टे और इको-टूरिज्म से स्थानीय परिवार आत्मनिर्भर बन रहे हैं। अनुमान है कि आने वाले समय में सिर्फ बैम्बू राफ्टिंग और जंगल सफारी से ही 5,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित हो सकते हैं।
राज्य सरकार ने उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। सस्ती भूमि, टैक्स रियायत और आसान अनुमति प्रक्रियाओं से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से बस्तर पहुँचना आसान हो गया है।
बस्तर का नया औद्योगिक और पर्यटन युग युवाओं और महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। आने वाले वर्षों में बस्तर खनिज आधारित उद्योगों के साथ-साथ आईटी, सेवा क्षेत्र, एडवेंचर और इको-टूरिज्म का बड़ा केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।





