सभी जिलों में बनेंगे मॉडल स्कूल, मंत्री गजेंद्र यादव ने दिए निर्देश

रायपुर। रायपुर में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में मॉडल स्कूल स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके तहत इग्नाइट, डीएवी और पीएमश्री विद्यालयों को अपग्रेड कर मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने अफसरों को 10 दिन के भीतर ऐसे स्कूलों की सूची भेजने को कहा जिन्हें मॉडल स्कूल बनाया जा सकता है।
मंत्री यादव ने स्पष्ट कहा कि नए शिक्षा सत्र की शुरुआत होते ही छात्रों को मुफ्त पुस्तकें, गणवेश और साइकिल मिल जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस अवसर और संसाधन की आवश्यकता है। बैठक में उन्होंने भवन विहीन स्कूलों और पुराने भवनों की समस्या पर भी चर्चा की। जहां जरूरत हो वहां प्राथमिकता से भवन निर्माण करने और जर्जर भवनों का शीघ्र समाधान करने का आदेश दिया।
मंत्री ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे को कार्य में उदासीनता पर शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही डीईओ और बीईओ कार्यालयों में लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत कर्मचारियों की शाखा बदलने और कार्य विभाजन पुनः करने को कहा। उन्होंने डिजिटल शिक्षा को गति देने, पीएम ई-विद्या चैनल और दीक्षा पोर्टल के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने पर भी जोर दिया। कोर्ट में लंबित मामलों को प्राथमिकता देने, छात्रवृत्ति योजनाओं, बैंक खातों और जाति प्रमाणपत्र से जुड़ी समस्याओं को जल्द हल करने के निर्देश भी दिए।





