अंबानी को बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी फ्रॉड घोषित किया, आरकॉम पर 1656 करोड़ बकाया

दिल्ली। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और बैंक ऑफ इंडिया (BOI) के बाद अब बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) को फ्रॉड घोषित कर दिया है। बैंक ने दावा किया है कि आरकॉम पर 2462.50 करोड़ में से 1656.07 करोड़ अभी भी बकाया हैं। यह खाता 5 जून 2017 से एनपीए (NPA) घोषित है। बैंक ने यह कदम फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर उठाया है।
रिलायंस कम्युनिकेशंस ने बताया कि उसे 2 सितंबर को बैंक का पत्र मिला। कंपनी ने कहा कि यह मामला 12 साल पुराना है और अनिल अंबानी 2006 से 2019 तक केवल नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहे। उनका कंपनी के रोजाना के फैसलों से कोई संबंध नहीं था। कंपनी ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कानूनी कार्रवाई का ऐलान किया है।
रिलायंस पावर ने शेयर बाजार को बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा का फैसला उसके ट्रेड ऑपरेशन या फाइनेंशियल परफॉर्मेंस पर असर नहीं डालेगा। अनिल अंबानी पिछले साढ़े तीन साल से रिलायंस पावर के बोर्ड में भी शामिल नहीं हैं। कानून के मुताबिक, किसी खाते को फ्रॉड घोषित होते ही मामला प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा जाता है और उधारकर्ता पांच साल तक नई फंडिंग नहीं ले सकता। मार्च 2025 तक रिलायंस कम्युनिकेशंस पर कुल ₹40,400 करोड़ का कर्ज है और यह 2019 से दिवालिया प्रक्रिया में है।
इससे पहले 13 दिन पहले CBI ने आरकॉम के खिलाफ 2,929 करोड़ के बैंक फ्रॉड केस दर्ज किया था और अनिल अंबानी के घर व दफ्तर पर छापेमारी की थी। वहीं, ईडी ने भी जुलाई में यस बैंक से जुड़े 3,000 करोड़ लोन धोखाधड़ी मामले में रिलायंस ग्रुप के 35 ठिकानों पर रेड की थी। अनिल अंबानी ने अपने खिलाफ सभी आरोपों को खारिज किया है।





