कांग्रेस पर बरसे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कहा– नया GST सुधार देशहित का ऐतिहासिक कदम

रायपुर। नए GST बिल को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता अमरजीत भगत ने इसे “बिहार गिफ्ट” बताया, जिस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित के कामों पर कांग्रेसियों के पेट में दर्द होता है।
साव ने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। नया GST सुधार देश और नए भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपस में ही एक-दूसरे को निपटाने का खेल चल रहा है, लेकिन जनता ने कांग्रेस को पहले ही निपटा दिया है।
14 मंत्रियों पर जनहित याचिका दायर होने के मामले में उन्होंने कहा कि संविधान का उल्लंघन करना कांग्रेस का स्वभाव बन गया है। सत्ता में रहते हुए मंत्री बनने की मांग करते थे और अब राजनीति करने में जुटे हैं।
बीजेपी कार्यालय को कांग्रेस द्वारा “नमक हराम भवन” कहे जाने पर भी साव ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपना आपा खो चुके हैं और प्रधानमंत्री तक को गाली देने से नहीं चूकते। कांग्रेस ने मर्यादाओं को पार कर लिया है और देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।





