रायपुर में बड़ा फैसला: बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल

रायपुर। राजधानी में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बड़ा कदम उठाया है। अब 1 सितंबर से रायपुर जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा।

पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगत ने बताया कि यह निर्णय सभी पंप संचालकों की आपसी सहमति से लिया गया है। एसोसिएशन ने इसकी लिखित जानकारी उप मुख्यमंत्री अरुण साव और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह को दी है।

निर्णय के तहत यदि कोई व्यक्ति बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचता है और हंगामा करता है तो प्रशासन और पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। एसोसिएशन का मानना है कि जब तक लोग हेलमेट पहनने को मजबूर नहीं होंगे, तब तक सड़क हादसों में कमी नहीं आएगी।

कुछ साल पहले भी यह नियम लागू किया गया था, लेकिन सख्ती न होने के कारण लोग उसे नजरअंदाज कर देते थे। कई बार लोग दूसरों से हेलमेट मांगकर पेट्रोल डलवा लेते थे। इस बार पंप संचालकों को खुद सख्ती बरतने की जिम्मेदारी दी गई है।

एसोसिएशन ने सभी लोगों से अपील की है कि अपनी सुरक्षा के लिए और परिवार की खुशी के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button