बारिश-बाढ़ का कहर: राजस्थान में 127 शव मिले, बलिया में गंगा ने 10 मकान बहाए; जम्मू से टूरिस्ट्स के लिए स्पेशल ट्रेनें

दिल्ली। राजस्थान में भारी बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। NDRF की टीमें राहत-बचाव कार्य में लगी हैं और अब तक 856 से ज्यादा लोगों की जान बचाई है। 21 जून से 25 जुलाई तक रेस्क्यू ऑपरेशन में 127 शव निकाले जा चुके हैं। कई जिलों में हालात गंभीर बने हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश ने तबाही मचाई है। वाराणसी, प्रयागराज समेत 17 जिलों में बाढ़ का असर दिख रहा है। बलिया जिले में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। बीते 24 घंटों में बैरिया के चक्की नौरंगा गांव के 10 मकान नदी में बह गए।

जम्मू-कश्मीर में बाढ़ और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में फंसे पर्यटकों की मदद के लिए रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनें चलाईं। पहली ट्रेन जम्मू से बनारस रवाना हुई, जिसमें 1400 यात्री सवार थे, जबकि दूसरी ट्रेन से 1200 यात्री दिल्ली लौटे। प्रदेश में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश के अन्य राज्यों में भी बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है। असम के गुवाहाटी में सड़कों पर पानी भर गया है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूण गांव में रावी नदी में सात घर बह गए। वहीं, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश और झारखंड में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।





