रायगढ़ में शुरू हुआ चक्रधर समारोह 2025, शास्त्रीय संगीत और नृत्य से गूंजेगी नगरी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक राजधानी रायगढ़ में आज से चक्रधर समारोह 2025 की शुरुआत हो गई है। यह आयोजन महाराजा चक्रधर सिंह की स्मृति में हर साल मनाया जाता है। इस बार भी 27 अगस्त से 5 सितंबर तक शास्त्रीय संगीत और नृत्य की सुरमयी धुनें रायगढ़ में गूंजेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर ट्वीट कर देशभर के कला-प्रेमियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की धरती हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जहां महाराजा चक्रधर सिंह ने शास्त्रीय संगीत और नृत्य को नई पहचान दी।
सीएम साय ने अपने संदेश में कहा कि चक्रधर समारोह सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि यह परंपरा, इतिहास और कला का अनोखा संगम है। गणेशोत्सव से जुड़ा यह समारोह आज भी भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य से पूरी दुनिया को आकर्षित करता है।
मुख्यमंत्री ने महाराजा चक्रधर सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी देन से ही रायगढ़ “कला की राजधानी” कहलाता है। उन्होंने कला-प्रेमियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनकर रायगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को नजदीक से अनुभव करें।





