छत्तीसगढ़ की शराब दुकानों में अब होगी कैशलेस व्यवस्था

रायपुर। प्रदेश की सभी शराब दुकानों में अब जल्द ही कैशलेस व्यवस्था लागू की जाएगी। यानी ग्राहक शराब खरीदते समय ऑनलाइन पेमेंट कर सकेंगे। आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शराब दुकानों में शत-प्रतिशत ऑनलाइन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी रखी जाए। साथ ही अवैध शराब और मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अंतर्राज्यीय सीमाओं पर जांच चौकियों में सतर्कता बढ़ाने, होटल-ढाबों और फार्म हाउस में अवैध शराब बिक्री रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने फार्म हाउस में होने वाली शराब पार्टियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभाग की राजस्व वसूली की कार्ययोजना और लाइसेंस व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस मौके पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





