उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में 35 हिरण छोड़े गए, वन्यजीव संरक्षण की नई पहल

धमतरी। धमतरी जिले के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की संख्या बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर जंगल सफारी से 35 हिरणों को लाकर टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में छोड़ा गया। हिरणों को प्राकृतिक आवास में छोड़ने की यह पहल वन विभाग द्वारा संचालित ‘Prey Base Augmentation’ प्रोग्राम का हिस्सा है।

इस कार्यक्रम के दौरान वन विभाग ने विशेष व्यवस्था की और हिरणों के जंगल में प्रवेश को ड्रोन कैमरे से रिकॉर्ड किया। वीडियो में हिरणों के झुंड को खुले वातावरण में दौड़ते हुए देखा जा सकता है। यह नजारा उदंती सीतानदी की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता को और निखारता है।

उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य रिजर्व में हिरण, सांभर और नीलगाय की संख्या बढ़ाना है। शाकाहारी प्रजातियों की आबादी बढ़ने से जंगल में पारिस्थितिक संतुलन मजबूत होगा और बाघ तथा अन्य मांसाहारी जीवों के लिए भोजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

वन विभाग का मानना है कि इस पहल से न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण होगा, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में भी कमी आएगी। हिरणों का यह स्थानांतरण उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक संपदा को और अधिक समृद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में रिजर्व का वन्यजीव आधार और मजबूत होगा तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रदेश की पहचान और सुदृढ़ होगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button