जीएसटी 2.0 से गरीब और मध्यमवर्ग को मिलेगी राहत: ओपी चौधरी

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जीएसटी 2.0 लागू करने की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस फैसले को गरीब, निम्नवर्ग और मध्यमवर्ग के लिए बड़ी राहत बताया है।
ओपी चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी ने पहले ही इनकम टैक्स स्लैब को 12 लाख तक बढ़ाकर करोड़ों परिवारों को फायदा पहुंचाया था। इससे लोगों की बचत बढ़ी और अर्थव्यवस्था में खपत व विकास की रफ्तार तेज हुई। अब जीएसटी 2.0 से भी आम जनता को बड़ी राहत मिलने वाली है।
उन्होंने बताया कि कई वस्तुओं और सेवाओं पर टैक्स रेट कम करने और रेशनलाइजेशन की तैयारी चल रही है। इससे जरूरी सामानों के दाम कम होंगे और गरीबों व मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।
वित्त मंत्री ने आगे कहा कि जीएसटी 2.0 से टैक्स प्रक्रिया और आसान होगी। रजिस्ट्रेशन, इनपुट टैक्स क्रेडिट और अन्य प्रक्रियाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर सुधार किए जाएंगे। इससे लोगों की बचत और खपत दोनों बढ़ेगी, जिससे देश की आर्थिक विकास दर तेज होगी।
चौधरी ने कहा कि शुरू में लग सकता है कि टैक्स दरें घटने से राजस्व कम होगा, लेकिन लंबे समय में अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और सरकार की आय भी बढ़ेगी। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया।





