शराब घोटाला : 29 आबकारी अधिकारी कोर्ट में पेश नहीं हुए, जमानती वारंट जारी

रायपुर। बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में आरोपी बनाए गए 29 आबकारी अधिकारी बुधवार को भी एसीबी-ईओडब्ल्यू की स्पेशल कोर्ट में पेश नहीं हुए। कोर्ट ने सभी आरोपियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई 23 सितंबर को तय की गई है। कोर्ट ने साफ कहा है कि अगली तारीख पर सभी की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
कोर्ट ने चेतावनी दी है कि अगर अधिकारी 23 सितंबर को भी अनुपस्थित रहे तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होगा। इसके बाद जांच एजेंसी संबंधित अधिकारियों को गिरफ्तार कर पेश करेगी। इस बीच, आरोपी अधिकारी अब सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं, क्योंकि हाई कोर्ट पहले ही उनकी याचिका खारिज कर चुका है।
शराब घोटाले में आरोपी अधिकारियों में तत्कालीन आबकारी विभाग के कई बड़े नाम शामिल हैं। इनमें नोहर सिंह ठाकुर, नीतू नोतानी, अरविंद पाटले, नवीन प्रताप तोमर, राजेश जायसवाल, विकास गोस्वामी, दिनकर वासनिक, अनिमेष नेताम, सौरभ बख्शी, मोहित जायसवाल, आशीष कोसम, गरीब पाल दर्दी, एके सिंह, प्रकाश पाल, रामकृष्ण मिश्रा, नितिन खंडूजा, मंजुश्री कसेर, वेदराम लहरे, एके अनंत, एलएल ध्रुव, विजय सेन शर्मा, प्रमोद नेताम, सोनल नेताम, आलेख सिदार, जेआर मंडावी, जीआर पैकरा, जीएस नुरुटी और देवलाल वैध शामिल हैं।
इनमें से 8 अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि 21 वर्तमान में सेवा पर हैं जिन्हें सरकार ने निलंबित कर रखा है। मामले में एक आरोपी अधिकारी अशोक सिंह की मृत्यु हो चुकी है। गौरतलब है कि इस घोटाले में कई नेता और अफसर पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। कोर्ट की सख्ती के बाद अब आरोपी अधिकारियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।





