प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से बस्तर की नई पहचान की सराहना

रायपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर का खास उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बस्तर का नाम नक्सलवाद और हिंसा से जुड़ता था, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है।
प्रधानमंत्री ने गर्व से बताया कि आज बस्तर के युवा बंदूक की जगह खेलों के मैदान में उतर रहे हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक बन गए हैं। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय सुरक्षा, विकास और जनसहभागिता के संयुक्त प्रयासों को दिया।
पीएम मोदी ने बताया कि पहले देश के कई हिस्से नक्सलवाद से प्रभावित थे, जिससे विकास रुक गया था। लेकिन अब नक्सलवाद 125 से घटकर सिर्फ 20 जिलों तक सीमित रह गया है। बस्तर में खेल, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर की यह नई पहचान आने वाली पीढ़ियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह क्षेत्र शांति, प्रगति और गौरव की राह पर आगे बढ़ता रहेगा।





