भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ी जुबानी जंग, कार्टून विवाद ने बढ़ाया बवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों जुबानी हमले और कार्टून पोस्टर को लेकर सियासी तापमान चढ़ता जा रहा है। कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ लगातार की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों और विवादित कार्टूनों के जवाब में अब भाजपा ने भी ‘जैसा को तैसा’ की रणनीति अपना ली है।
हाल ही में कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक कार्टून जारी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री को एक बंदर के रूप में दिखाया गया। इससे पहले भी कांग्रेस ने एक और पोस्ट में उन्हें अदानी के साथ एक फिल्मी अंदाज़ में दिखाया था। तब भाजपा ने संयमित प्रतिक्रिया दी थी, लेकिन इस बार मुख्यमंत्री का इस तरह अपमान भाजपा को नागवार गुज़रा।
जवाब में भाजपा ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला किया। पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक कार्टून साझा किया जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कुत्ता दिखाया गया, जो राहुल गांधी के चरण चाट रहे हैं। साथ में सौम्या चौरसिया की तस्वीर भी लगाई गई। इस पर कई लोगों ने नाराज़गी जताई है, और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “हमारे सरल और सहज आदिवासी मुख्यमंत्री का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस आदिवासी होने की वजह से उन्हें निशाना बना रही है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा अपनी ‘पार्टी विथ डिफरेंस’ की छवि छोड़ रही है, तो उन्होंने कहा, “हम अब भी एक अलग तरह की पार्टी हैं – पारदर्शी और सुशासन देने वाली। लेकिन हम किसी की गाली चुपचाप नहीं सहेंगे। अब ये नई भाजपा है – जो जरूरत पड़ी तो उसी भाषा में जवाब देना जानती है।”
भाजपा नेता ने साफ कहा- “अब हम चुप नहीं रहेंगे, पलटवार करेंगे।”
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों के बीच का यह जुबानी संघर्ष अब और तेज़ हो सकता है। सवाल यह है कि क्या यह तीखी बयानबाज़ी मतदाताओं को प्रभावित करेगी, या लोग इससे दूरी बनाए रखेंगे? यह तो आने वाला समय ही बताएगा।





