कांग्रेस का दावा सीएम ने किया जमीनों पर कब्जा

गुवाहाटी। असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनके मंत्रियों ने राज्य में कई जमीनों पर अवैध कब्जा कर रखा है। गोगोई ने चेतावनी दी कि यदि 2026 में कांग्रेस सत्ता में आती है तो ये सभी जमीनें गरीबों में बांट दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया जाएगा।
गोगोई ने कहा कि राहुल गांधी ने जो वादा किया है, उसे निभाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जनता मुख्यमंत्री सरमा को जेल की सलाखों के पीछे देखना चाहती है। कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अल्पसंख्यकों और जनजातीय समुदायों के खिलाफ बेदखली अभियान चला रही है। उन्होंने बोडो, तिवा, कार्बी, राभा और मिसिंग जैसे समुदायों के साथ अन्याय का आरोप भी लगाया। पूर्व सांसद रिपुन बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी और रिश्तेदारों ने भारी संपत्ति अर्जित कर ली है। ये लोग असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बेदखली का सहारा ले रहे हैं।
कांग्रेस के महासचिव और असम प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य का हर नागरिक ₹50,000 के कर्ज तले दबा है। कांग्रेस अब राज्य में बदलाव की तैयारी में जुट गई है। सितंबर से कांग्रेस संगठनात्मक गतिविधियां तेज करेगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान शुरू करेगी। सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं सिर्फ वोट बटोरने के लिए चलाई जा रही हैं, जो आम लोगों को फायदा नहीं दे रहीं।





