रायपुर से जबलपुर के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, CM और विधानसभा अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर। छत्तीसगढ़ को आज एक नई रेल सेवा की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की पहल से आज छत्तीसगढ़ समेत देश को तीन नई ट्रेन सेवाएं मिली हैं।

इस खास मौके पर गुजरात के भावनगर में आयोजित मुख्य समारोह में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मनसुख मांडविया और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े। इस दौरान रीवा-पुणे और भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस का भी शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 21 गुना बढ़ा है और इस साल प्रदेश को 6900 करोड़ रुपये मिले हैं। अभी राज्य में 47,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं, जो रेलवे नेटवर्क को और मजबूत करेंगी। साथ ही, ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि रायपुर-जबलपुर ट्रेन सेवा से पर्यटन, शिक्षा और व्यापार को काफी बढ़ावा मिलेगा। डोंगरगढ़, बालाघाट और भेड़ाघाट जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच अब और आसान हो जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस ट्रेन सेवा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश को जोड़ेगी और 410 किलोमीटर की दूरी को केवल 8 घंटे में तय करेगी। इससे यात्रियों को रायपुर से गोंदिया, बालाघाट और जबलपुर तक आसान और आरामदायक सफर मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन रोज चलेगी।

गाड़ी संख्या 11701 रायपुर से दोपहर 2:45 बजे चलेगी और रात 10:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

वापसी में 11702 जबलपुर से सुबह 6:00 बजे रवाना होकर दोपहर 1:50 बजे रायपुर पहुंचेगी।

इस ट्रेन में कुल 15 डिब्बे होंगे- एक एसी चेयर कार, चार चेयर कार, आठ सामान्य कोच, एक पावर कार और एक एसएलआरडी कोच। यह सेवा छात्रों, व्यापारियों, पर्यटकों और रोजाना सफर करने वालों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव देगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था व पर्यटन को भी गति देगी।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button