अब पुसौर में ही होगी जमीन की रजिस्ट्री, रायगढ़ नहीं जाना पड़ेगा,उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ

पुसौर (रायगढ़): अब पुसौर और आसपास के गांवों के लोगों को जमीन की रजिस्ट्री के लिए रायगढ़ जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। आज पुसौर जनपद पंचायत परिसर में नया उप-पंजीयक कार्यालय शुरू किया गया है। इसका उद्घाटन छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया।

इस मौके पर मंत्री चौधरी ने कहा कि यह सिर्फ एक नया कार्यालय नहीं है, बल्कि ग्रामीणों को सस्ती, तेज और पारदर्शी रजिस्ट्री सेवा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे लोगों का समय, पैसा और मेहनत तीनों की बचत होगी।

नए कार्यालय में कुल 65 तरह की रजिस्ट्री सेवाएं मिलेंगी, जिनमें जमीन की खरीदी-बिक्री, दानपत्र, वसीयत, हक त्याग, बंटवारा और केसीसी बंधक जैसी सेवाएं शामिल हैं। यहां एक उप पंजीयक, दो ऑपरेटर और एक एमटीएस की नियुक्ति की गई है।

सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में मंत्री चौधरी ने राज्य सरकार की कई जनहित योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को दो साल का बोनस मिल चुका है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जा रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डेढ़ साल में 18 लाख मकानों को मंजूरी दी गई है, जिनमें पुसौर ब्लॉक के लिए ही 9000 मकानों की मंजूरी दी गई है। महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 70 लाख महिलाओं को समय पर राशि दी जा रही है।

जल्द बनेगा नया भवन

मंत्री चौधरी ने बताया कि उप-पंजीयक कार्यालय का नया भवन 80 लाख रुपये की लागत से जल्द बनाया जाएगा। साथ ही पुसौर में सड़कें, पुल, अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज भी बनाए जाएंगे।

88 पंचायतों को होगा लाभ

रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि पुसौर के आसपास की 88 पंचायतों के लोगों को अब स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी। अब संपत्ति संबंधी काम पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी होंगे।

जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुसार रजिस्ट्री प्रक्रिया में 10 बड़े सुधार किए गए हैं। इनमें आधार से सत्यापन, ऑनलाइन भुगतान, डिजीलॉकर, घर बैठे दस्तावेज बनवाने और नाम अपने आप चढ़ने जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

यह नया कार्यालय पुसौर क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button