CM विष्णु देव साय ने ‘मन की बात’ का किया श्रवण, बिल्हा की महिलाओं को पीएम मोदी द्वारा सराहे जाने पर जताया गर्व

रायपुरमुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर स्थित अपने निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक रूप से श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के 124वें एपिसोड पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह देश के लोगों को जोड़ने और प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए बेहद खास है, क्योंकि बिलासपुर जिले के नगर पंचायत बिल्हा की महिलाओं द्वारा किए गए स्वच्छता अभियान की सराहना खुद प्रधानमंत्री मोदी ने की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिल्हा की महिलाओं को वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग मिलने के बाद शहर की तस्वीर बदलने के प्रयासों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह न केवल बिल्हा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बिल्हा की महिलाओं ने दिखा दिया कि अगर संकल्प और साथ हो, तो कोई भी बदलाव मुश्किल नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मिसाल देशभर में छत्तीसगढ़ की पहचान को और मजबूत करती है।

सीएम साय ने आगे बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत छत्तीसगढ़ के 7 शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है, जिसमें बिल्हा भी शामिल है। उन्होंने सभी सफाईकर्मियों, स्वच्छता दीदियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में जशपुर दौरे पर उन्हें पता चला कि जिले के सभी 5 नगरीय निकायों ने स्वच्छता रैंकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस पर उन्होंने दो दिन पहले खुद जशपुर में जाकर स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अब सिर्फ सरकारी योजना नहीं रही, बल्कि यह जनभागीदारी से चलने वाला एक आंदोलन बन चुका है। अंत में उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम देश की साधारण कहानियों को असाधारण प्रेरणा में बदल देते हैं, जो लोकतंत्र की असली ताकत को दर्शाते हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button