BJYM अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब: वायरल VIDEO में गाकर मांगी थी DMF की राशि

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने एक वायरल वीडियो में छत्तीसगढ़ी गीत गाकर अपनी ही सरकार से जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) की राशि की मांग की थी। वीडियो में भगत ने गांवों की हालत पर सवाल उठाते हुए कहा था कि खनन कंपनियों और शहरों का विकास हो गया, लेकिन गांव पिछड़ गए हैं।
वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए गंभीरता से लिया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा ने रवि भगत को नोटिस जारी करते हुए 7 दिन के भीतर जवाब मांगा है। भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जा सकता है।
रवि भगत रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। उन्होंने गीत के माध्यम से DMF फंड से गांवों के विकास की मांग की थी। उन्होंने बाद में सोशल मीडिया पर भी लिखा कि यह फंड खनन प्रभावित क्षेत्रों में खर्च होना चाहिए, लेकिन कई जगहों पर इसकी अनदेखी हो रही है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा पर हमला बोला है और कहा कि DMF राशि सभी गांवों को मिलनी चाहिए। वहीं राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह फंड केवल खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों जैसे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि के लिए इस्तेमाल किया जाता है।






