पेट्रोल पंप कर्मचारी की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

आरंग। छत्तीसगढ़ के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमरिया में स्थित नेशनल हाईवे 53 पर उस समय सनसनी फैल गई जब एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह वारदात एचपी पेट्रोल पंप पर तड़के 3 से 3:30 बजे के बीच हुई, जब कर्मचारी ड्यूटी पर था। मृतक की पहचान ग्राम गुजरा निवासी 25 वर्षीय योगेश मिरी के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी मिलते ही मंदिरहसौद पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू कर दी। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, हत्या किसी धारदार हथियार, संभवतः चाकू से की गई है, जिससे मृतक का गला रेता गया।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य संभावनाएं भी शामिल हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस जघन्य हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।





