आशिकी पान मसाला समूह पर 60 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा, DGGI की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग को लेकर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली से आई 9 सदस्यीय टीम ने रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव में आशिकी पान मसाला समूह के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई लगभग 60 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी और बोगस बिलिंग की शिकायतों के बाद की गई।
सूत्रों के अनुसार, राजनांदगांव में कंपनी की निर्माण इकाई और फ्रेंचाइजी नरेश मोटलानी के प्रतिष्ठान, रायपुर में प्रदेश डिस्ट्रीब्यूटर विश्वनाथ काबरा का ऑफिस व निवास, तथा दुर्ग-भिलाई के अन्य व्यापारिक ठिकानों पर भी जांच की गई। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क आदि), और जीएसटी रिटर्न संबंधित कागजात जब्त किए।
जांच में यह भी सामने आया है कि आशिकी पान मसाला ब्रांड एक फर्जी बिलिंग नेटवर्क के माध्यम से बिना टैक्स दिए उत्पादन और वितरण कर रहा था, जिससे सरकार को करोड़ों का नुकसान हुआ। यह नेटवर्क संभवतः अन्य राज्यों तक भी फैला हो सकता है।
DGGI की यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी पान मसाला व्यापार से जुड़ी GST रेड मानी जा रही है। सभी जब्त दस्तावेजों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और आने वाले दिनों में अन्य कंपनियों की संलिप्तता उजागर होने के साथ-साथ गिरफ्तारी की भी संभावना जताई जा रही है।





