माओवादी इलाकों में ग्रामीणों को मिल रहा सरकारी योजनाओं का लाभ, सालातोंग में लगा विशेष शिविर

कोंटा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर माओवादी प्रभावित इलाकों के ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाने के लिए विशेष सुविधा शिविर लगाए जा रहे हैं। ये शिविर न सिर्फ योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचा रहे हैं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास भी बढ़ा रहे हैं।
कोंटा विकासखंड के दूरस्थ गांव सालातोंग में 15 से 17 जुलाई तक ऐसा ही एक शिविर लगाया गया। इसमें आसपास के पोटकपल्ली, पालाचलमा और पेंटापाड़ गांवों के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर योजनाओं का फायदा उठाया।
शिविर में आधार कार्ड, जनधन खाता, वोटर आईडी, जन्म प्रमाण पत्र, केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड), प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे काम किए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाए गए और बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य कार्ड भी दिए गए।
शिविर में ग्रामीणों को इलाज के लिए 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं दी गईं।
सरकार की नियद नेल्लानार योजना के तहत ऐसे शिविर लगातार माओवादी प्रभावित गांवों में लगाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में 23 से 27 जुलाई तक दुलेड़ में और 29 से 31 जुलाई तक गोलापल्ली में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में भी आसपास के गांवों के लोग पहुंचकर योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।





