छत्तीसगढ़ विधानसभा में हंगामा: अजय चंद्राकर और देवेंद्र यादव में नोकझोंक, स्पीकर ने लगाई फटकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में जमकर हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने जोर-शोर से जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाया। इस बीच भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के बीच बहस तेज हो गई और दोनों एक-दूसरे पर तीखी टिप्पणी करने लगे।

सदन में बढ़ते शोर-शराबे और बहस को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को दखल देना पड़ा। उन्होंने दोनों विधायकों को फटकार लगाते हुए कहा कि विधानसभा कोई सड़क नहीं है, यहां इस तरह की भाषा और बर्ताव ठीक नहीं है।

रमन सिंह ने सभी सदस्यों से कहा कि सदन की मर्यादा बनाए रखें, आसंदी (स्पीकर की कुर्सी) की ओर देखकर ही अपनी बात रखें और एक-दूसरे को देखकर न बोले। उन्होंने साफ कहा कि प्रश्नकाल में हंगामा करना गलत है, क्योंकि पूरी दुनिया विधानसभा की कार्यवाही देखती है।

अध्यक्ष ने अजय चंद्राकर और देवेंद्र यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के बर्ताव से सदन की गरिमा गिरती है, इसलिए सभी को संयम से पेश आना चाहिए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button