BREAKING: कबीरधाम में 60 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रक, 3 की मौत; 2 गंभीर

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगरपानी गांव के पास एक ट्रक 60 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी तब मिली जब 11 जुलाई की सुबह कुछ ग्रामीण जंगल की ओर जा रहे थे। उन्होंने ट्रक को खाई में गिरा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। ट्रक के नीचे दबे छह लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी थी। गंभीर घायलों को कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि यह हादसा देर रात हुआ होगा और ट्रक का बैलेंस बिगड़ने के कारण वह खाई में गिर गया। रास्ता सुनसान होने की वजह से समय पर जानकारी नहीं मिल सकी। शवों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि दुर्घटना काफी पहले हुई थी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि कहीं और लोग भी मलबे में दबे हैं या नहीं।





