बिलासपुर में लूडो के नाम पर सट्टा, मध्यप्रदेश के चार युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक नए तरह के ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़ किया है। मध्यप्रदेश से आए चार युवकों ने लूडो गेम के जरिए सट्टा खेलवाने का जाल बिछाया था। पुलिस ने स्वर्णिम इरा कॉलोनी में दबिश देकर इन्हें पकड़ा। इनके मोबाइल में करीब 20 लाख रुपये के लेन-देन और सट्टे का हिसाब मिला है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी व्हाट्सऐप पर ‘श्याम लूडो किंग’ नाम से ग्रुप बनाकर सट्टा खेलवा रहे थे। लोग इस ग्रुप में जुड़कर लूडो खेलते और हार-जीत पर पैसे का दांव लगता था।
मुखबिर से खबर मिलने के बाद पुलिस ने जांच की और पता चला कि स्वर्णिम इरा कॉलोनी में मध्यप्रदेश के युवक रह रहे हैं। दबिश में राहुल छाबड़ा (शहडोल), सुमित चंदवानी, ओमप्रकाश नगवानी और मोहित बर्मन को गिरफ्तार किया गया।
राहुल ने एक हफ्ते पहले मकान किराए पर लिया था और यहीं से अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस सट्टे का ऑनलाइन खेल चला रहा था। आरोपी लोगों को ग्रुप में जोड़कर कोड भेजते थे और लूडो खेलवाते थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।





