महापौर पर सरकारी ज़मीन पर कब्जे का आरोप, कांग्रेस पार्षद दल ने की सख्त कार्रवाई की मांग

बिलासपुर |
बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी एक बड़े विवाद में घिर गई हैं। कांग्रेस पार्षद दल ने उन पर और उनके पति अशोक विधानी पर शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे और ईंट भट्ठा संचालन का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

उच्च स्तरीय जाँच से होगा मामले का खुलासा
कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि पूजा विधानी और उनके पति वर्षों से मोपका और बूटा पारा देवरीखुर्द क्षेत्र में सरकारी ज़मीन पर अवैध रूप से ईंट भट्ठा चला रहे हैं। जबकि उनके पास निजी भूमि भी उपलब्ध है, फिर भी शासकीय ज़मीन का दुरुपयोग किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में पहले भी उठ चुका है मामला
पार्षदों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले इस अवैध कब्जे को लेकर स्थानीय समाचार पत्रों में रिपोर्टें प्रकाशित हुई थीं। रिपोर्ट्स में यह स्पष्ट था कि राजस्व विभाग की मिलीभगत से यह अवैध गतिविधि संचालित हो रही है।
पार्षदों की मांग: दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
कांग्रेस पार्षद दल ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। इसके साथ ही राजस्व विभाग के उन अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए जो इस अवैध कब्जे में सहयोगी माने जा रहे हैं।





