भारत माला घोटाले में सस्पेंड हुए निलंबित पटवारी सुरेश मिश्रा ने फार्महाउस में की आत्महत्या

बिलासपुर:छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। निलंबित पटवारी सुरेश मिश्रा ने सोमवार दोपहर अपने फार्महाउस में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उन्हें भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत जमीन अधिग्रहण में गड़बड़ी के आरोपों के चलते निलंबित किया गया था।

घटना बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के जोकी नामक गांव में स्थित एक फार्महाउस की है, जो सुरेश मिश्रा की बहन का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने दोपहर करीब 1 बजे फांसी लगाई। जब काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो परिवार वालों को शक हुआ। कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। जब दरवाजा तोड़ा गया तो वह कमरे के पंखे से रस्सी के सहारे लटके मिले। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि घटनास्थल का पंचनामा कर शव को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी प्रक्रिया मंगलवार को की जाएगी।

बताया जा रहा है कि निलंबन के बाद से सुरेश मिश्रा मानसिक तनाव में थे। समाज में हो रही बदनामी ने उन्हें भीतर से तोड़ दिया था। वे पहले एक शांत और मिलनसार व्यक्ति माने जाते थे, लेकिन हाल की घटनाओं के बाद वे गुमसुम रहने लगे थे।

फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। आत्महत्या की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

यह घटना न सिर्फ दुखद है, बल्कि यह सोचने पर मजबूर करती है कि प्रशासनिक कार्रवाई और सामाजिक दबाव किस हद तक किसी की ज़िंदगी को प्रभावित कर सकते हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button