देशभर में मानसून का कहर: गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में अब भी उमस बरकरार

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है और इसके साथ ही बारिश का कहर भी जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात, महाराष्ट्र, हिमाचल और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सूरत, अहमदाबाद और नवसारी जैसे शहरों की हालत बिगाड़ दी है। नवसारी में कावेरी नदी उफान पर है, जिससे तटीय मंदिर जलमग्न हो गए हैं। महाराष्ट्र के रायगढ़, ठाणे और मुंबई में येलो अलर्ट है। बुलढाना में बारिश के कारण कंचनगंगा नदी उफान पर है।
हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और बाढ़ से तबाही मची है। धर्मशाला में हाइड्रो प्रोजेक्ट में काम कर रहे पांच मजदूरों की मौत हो गई है। उत्तराखंड में भी भूस्खलन के चलते केदारनाथ यात्रा रोकी गई है। दिल्ली-NCR में मानसून धीमा है, जिससे उमस बढ़ गई है। हालांकि 27 जून को हल्की बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है, वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार सुस्त है, लेकिन अगले पांच दिनों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। राजस्थान के कई जिलों में भी गरज-चमक और बारिश के आसार हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के डोडा-भद्रवाह हाईवे पर बाढ़ जैसे हालात हैं। SDRF की मदद से नदी में फंसे दो युवकों को रेस्क्यू किया गया है। देशभर में मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदियों के पास न जाने की अपील की है।





