खड़ी ट्रेलर से टकराई कार, भाजपा नेता की मौत सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का मामला

बिलासपुर के सिलपहरी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें रेलवे क्षेत्र के भाजपा नेता विजय सिंह की मौत हो गई। हादसा सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हुआ। विजय सिंह अपने साथी जगरनाथ राजू के साथ हरदी बसिया से लौट रहे थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जगरनाथ राजू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर में न तो टेल लाइट जल रही थी और न ही उस पर रेडियम पट्टी लगी थी, जिससे रात के अंधेरे में वह दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





