रायपुर: राज्यपाल रमेन डेका का दौरा, गांव के विकास कार्यों की ली समीक्षा, योजनाओं का लाभ हर ग्रामीण तक पहुंचाने पर दिया ज़ोर

रायपुर:राज्यपाल रमेन डेका अपने दो दिन के दौरे के पहले दिन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों का जायज़ा लिया, खासकर अपने गोद लिए गांव सोनपुरी में चल रही योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

गाँव की तरक्की की तस्वीर देखी

राज्यपाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, खेती, उद्यानिकी और जल जीवन मिशन जैसी ज़रूरी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर योजना का लाभ अंतिम ग्रामीण तक पहुंचे, यह प्रशासन की ज़िम्मेदारी है।

गांव में टमाटर की खेती को देखते हुए उन्होंने कहा कि अधिक उत्पादन को व्यर्थ जाने से बचाने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट शुरू होनी चाहिए, ताकि किसान को अच्छा दाम मिल सके।

योजनाओं को 100% लागू करने के निर्देश

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति को आयुष्मान कार्ड मिले, और जो किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित हैं, उन्हें जल्द लाभ मिले।

उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि हर घर तक नल से साफ पानी पहुंचना चाहिए। इसके लिए वर्षा जल संरक्षण, सोखता गड्ढे जैसे उपाय अपनाने पर भी ज़ोर दिया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का समर्थन

राज्यपाल ने सभी स्कूलों, पंचायत भवनों और स्वास्थ्य केंद्रों में पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने इसे पर्यावरण और मातृत्व से जुड़ा भावनात्मक अभियान बताया।

राज्यपाल ने ड्रॉपआउट बच्चों की पढ़ाई फिर से शुरू कराने के लिए ठोस प्रयास करने को कहा और ग्रामीणों से अपील की कि कम से कम अपना नाम लिखना जरूर सीखें।

महिला समूहों की सराहना

उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों के कामों की तारीफ करते हुए अधिकारियों से कहा कि इन्हें जरूरी ट्रेनिंग और संसाधन दिए जाएं ताकि ये और मजबूत बन सकें।

राज्यपाल ने साफ कहा कि तीन महीनों के अंदर ग्राम सोनपुरी के सभी विकास कार्यों की दोबारा समीक्षा की जाएगी, और कोई भी कमी मिलने पर उसे तुरंत सुधारने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने पुलिस को सड़क दुर्घटनाएं खासकर बाइक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने और लोगों को जागरूक करने के लिए कहा। उन्होंने स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड जैसे सुरक्षा उपायों को जरूरी बताया।

राज्यपाल रमेन डेका का यह दौरा ग्रामीण विकास को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई