पूर्व विधायक को धमकी, 20 लाख फिरौती की मांग

बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय को एक अज्ञात कॉलर ने फोन कर ₹20 लाख की फिरौती मांगी है और रकम नहीं देने पर परिचित की बेटी के अपहरण की धमकी दी है। यह कॉल उनकी पत्नी ऋतु पांडेय के मोबाइल पर बुधवार दोपहर 8178898554 नंबर से आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बिहार निवासी बच्चू झा बताया और कहा कि मंजू पांडेय को बोल देना कि वह 20 लाख रुपए दे दे, नहीं तो दिल्ली में पढ़ रही उसकी बेटी का अपहरण कर लिया जाएगा। कॉल के दौरान गाली-गलौच भी की गई।
मंजू पांडेय, शैलेश पांडेय की परिचित हैं और वर्तमान में बिलासपुर में सहकारिता उप पंजीयक के पद पर कार्यरत हैं। धमकी को गंभीरता से लेते हुए शैलेश पांडेय ने तत्काल सकरी थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कॉलर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296 और 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस तकनीकी विश्लेषण के जरिए कॉलर की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कॉलर ने पूर्व विधायक को ही क्यों निशाना बनाया। मामले की जांच जारी है।





