बलौदाबाजार जिले के होटलों और दुकानों में खाद्य विभाग की जांच, कई जगहों से सैंपल लिए गए

बलौदाबाजार। बारिश के मौसम में मिलावटी और खराब खाने से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के कई इलाकों में होटलों, ढाबों, किराना दुकानों और मिठाई दुकानों की जांच की।
शनिवार को टीम ने रवान, लवन, भाटापारा और लाहौद के 5 प्रतिष्ठानों में दबिश दी और वहां से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा ने बताया कि रवान में शुभम किराना से कुकीज़, आटा समेत 5 खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए।
लवन के कृष्णा स्वीट्स से इस्तेमाल किया गया कुकिंग ऑयल, भाटापारा के हुसैनी सेल्स से चायपत्ती, ओट्स, बिस्किट्स और कॉर्न फ्लैक्स, श्री गुरुनानक होटल से पका हुआ चावल, खाद्य तेल, चिकन करी और इस्तेमाल किया गया तेल सैंपल में शामिल हैं।
वहीं लाहौद के नॉन स्टॉप ढाबा से लाहौरी जीरा कोल्डड्रिंक, तांबे का पानी, अरहर दाल और छोले-चना के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला और अन्य लैब में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर नजर रखने की मुहिम जारी है।





