राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़: 300 फीट ऊंचाई से गिरने के बाद भी शव में नहीं मिला फ्रैक्चर, जांच में गहराया शक

दिल्ली। राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने भले ही उसकी पत्नी सोनम और चार अन्य को गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन अब इस मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। आरोपियों के अनुसार, उन्होंने राजा की हत्या कर उसे शिलांग से 60 किमी दूर कुनोनग्रिम इलाके में 300 फीट गहरी खाई में फेंका था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव की हड्डियों में कोई फ्रैक्चर नहीं पाया गया, जिससे पुलिस की जांच और गहराई तक पहुंच गई है।
अब पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या राजा की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई थी और खाई में शव को केवल गुमराह करने के उद्देश्य से फेंका गया? साथ ही यह भी जांच हो रही है कि कुनोनग्रिम जैसे सुनसान स्थान की जानकारी आरोपियों को किसने दी। संदेह है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें सहयोग किया होगा। इस खाई में पहले भी 2023 में चर्चित वंदना कलिता केस में एक महिला का कटा हुआ हाथ मिला था, जिससे यह आशंका और भी मजबूत होती है कि इस जगह को पहले से योजना बनाकर चुना गया हो।
सहयात्री ने बताया सच
सोनम की गिरफ्तारी से पहले की गतिविधियां भी संदिग्ध हैं। वह इंदौर से बनारस और फिर गाजीपुर पहुंची थी। एक सहयात्री उजाला यादव ने दावा किया कि सोनम ने यात्रा के दौरान अपने चेहरे को हरे दुपट्टे से ढंका हुआ था, और राजा की हत्या की खबरों को नजरअंदाज करने को कहा था। सोनम ने उसका मोबाइल लेकर कॉल भी किया था और बाद में नंबर मिटा दिया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए पूरी साजिश को उजागर करने में लगी है।





