धमतरी: पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया iGOT ऐप पर रजिस्ट्रेशन, मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण

धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को केंद्र सरकार की ओर से संचालित नि:शुल्क प्रशिक्षण पोर्टल iGOT-Karmayogi ऐप में रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। सबसे पहले एसपी ऑफिस के स्टाफ का रजिस्ट्रेशन पूरा किया गया, इसके बाद अब एसडीओपी ऑफिस, कंट्रोल रूम, महिला सेल, यातायात शाखा, डीएसबी शाखा, अजाक थाना, साइबर सेल और जिले के सभी थानों-चौकियों में यह प्रक्रिया चल रही है।
iGOT पोर्टल पर जीवन और करियर से जुड़े कई उपयोगी कोर्स मुफ्त में उपलब्ध हैं, जिससे पुलिसकर्मियों की क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ेगी। यह केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से ट्रेनिंग देना है।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि वे पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न कैप्सूल कोर्सेज को पूरा कर सर्टिफिकेट प्राप्त करें और इस अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करें।





