कथित लव जिहाद मामला पहुंचा हाईकोर्ट, आज होगी सुनवाई

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कथित लव जिहाद का मामला अब हाईकोर्ट पहुंच चुका है। इस मामले में मुस्लिम युवक तौशीफ मेनन द्वारा दाखिल बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सोमवार को सुनवाई हुई। याचिका में उसने युवती को अपनी पत्नी बताते हुए उसे सौंपने की मांग की थी। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने कहा कि युवती भले ही बालिग है, लेकिन उसके भविष्य और सुरक्षा को लेकर परिजनों की संतुष्टि भी जरूरी है। इसी आधार पर अदालत ने दोनों पक्षों को मध्यस्थता केंद्र भेजने के निर्देश दिए हैं। मध्यस्थता केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर आज (बुधवार) फिर से सुनवाई होगी।
मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है, जहां 21 अप्रैल 2025 को कॉलेज छात्रा घर से कॉलेज के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में युवती के कोलकाता में तौशीफ के साथ होने की जानकारी मिली, जहां कथित तौर पर मस्जिद में निकाह हुआ था। पुलिस दोनों को कोरबा लाई और पूछताछ की। पहले युवती को युवक के घर भेजा गया, लेकिन हिंदू संगठनों के विरोध के बाद उसे सखी सेंटर और फिर शक्ति सदन में भेजा गया।
15 मई को हाईकोर्ट ने युवक को एक लाख रुपये जमा करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद सुनवाई संभव हुई। इस दौरान युवती और उसके माता-पिता कोर्ट में उपस्थित रहे। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि तौशीफ ने अपनी पहचान छिपाकर विवाह किया है। हाईकोर्ट ने मामले को संवेदनशील मानते हुए मध्यस्थता की प्रक्रिया जरूरी बताई है।





