Thieves Gang: बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी करके ओडिशा में करते थे डील

Thieves Gang: रायपुर। राजधानी रायपुर में बाइक चोरी कर ओडिशा में बेचने वाले एक गिरोह का सरस्वती नगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राज किशोर उर्फ राज महंत और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 लाख रुपये कीमत की चार स्पोर्ट्स बाइक जब्त की हैं, जो सरस्वती नगर क्षेत्र से चुराई गई थीं।
बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने की फिराक में है। इस सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की। टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की और उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम राज किशोर उर्फ राज महंत 22 वर्ष, निवासी कादोवासा, थाना कांटाभांजी, जिला बालांगीर, ओडिशा बताया। पुलिस ने जब राज किशोर से बाइक के कागजात मांगे, तो वह गोलमोल जवाब देकर गुमराह करने की कोशिश करने लगा। कागजात या दस्तावेज न दिखा पाने पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को भी पकड़ लिया। दोनों ने सरस्वती नगर क्षेत्र से चार बाइक चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चार स्पोर्ट्स बाइक जब्त कीं, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह रायपुर से बाइक चोरी कर ओडिशा में बेचता था। ओडिशा से बाइकों की डिमांड आने पर ये लोग सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। सरस्वती नगर, आजाद चौक, डीडी नगर, कबीर नगर, उरला और मौदहापारा जैसे क्षेत्रों से बाइक चोरी की गई थीं। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।





