यदुनंदन नगर में बिजली के खंभे में लगी आग से मचा हड़कंप

बिलासपुर:यदुनंदन नगर कॉलोनी में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कमला डेयरी के सामने एक बिजली के खंभे में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह हादसा बिजली के तारों के उलझे और अव्यवस्थित जाल के कारण हुआ। काफी समय से तारों में स्पार्किंग हो रही थी, जिसकी कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जैसे ही खंभे में आग लगी, उससे काला धुआं निकलने लगा जो दूर तक दिखाई दे रहा था। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। हालांकि, जब तक राहत पहुंची, तब तक तार पूरी तरह जल चुके थे।
गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, वरना जिस जगह आग लगी, वहां अक्सर बच्चे खेलते हैं। लोग बिजली विभाग की लापरवाही से बेहद नाराज हैं और मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इलाके के तारों को व्यवस्थित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसा कोई हादसा न हो।





