Operation Sindoor: ‘भाजपा का घर-घर सिंदूर बांटना सुहागन महिलाओं का अपमान’ – कांग्रेस

Operation Sindoor: रायपुर। भाजपा के द्वारा घर-घर सिंदूर बांटने का कार्यक्रम महिलाओं का अपमान है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुसार किसी सुहागन को सिंदूर देने का अधिकार केवल उसके पति को होता है। एक महिला जब सिंदूर लगाती है तो यह उसके माथे पर उसके सुहाग का प्रतीक होता है।

महिलाएं सिर्फ अपने पति के द्वारा दिए सिंदूर को ही लगाती है तथा एक महिला स्वयं भी सिंदूर खरीदती है तो अपने पति के नाम पर खरीदती है। भाजपा के सिंदूर बांटने के कृत्य से सुहागन स्त्री के स्त्रीत्व और सतित्व को चुनौती देने का प्रयास है। कांग्रेस भाजपा के इस आचरण का विरोध करती है। कांग्रेस पूरे प्रदेश में महिला कांग्रेस के माध्यम से भाजपा के इस अभियान का विरोध करेगी।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मोदी जी आपके सिंदूर पर हमारी दादी यशोदा का हक है जो वर्षो से आपकी राह देख रही, बुढ़ापे में ही सही जाइये उनकी मांग सजाइये, सिंदूर के नाम पर हमारी माताओं, बहनों, बेटियों का मजाक मत बनाइये। भाजपा के इस स्तरहीन कार्यक्रम को बंद किया जाना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सेना के शौर्य का राजनीतिकरण करके सेना के पराक्रम का मजाक बना रही है। देश की सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया तब पूरे देश ने समवेत स्वर से सेनाओं के पराक्रम की सराहना किया, देश एकजुटता से इस अभियान के साथ खड़ा था लेकिन अपनी राजनैतिक महत्वकांक्षा के चलते मोदी और भाजपा ने ऑपरेशन सिंदूर का राजनैतिकरण कर दिया।

प्रधानमंत्री जब कहते है उनकी रगो में नये दौड़ रहा तब देश का हर नागरिक अपने प्रधानमंत्री के आचरण से आहत हुआ है। अब भारतीय जनता पार्टी सिंदूर बांटने का कार्यक्रम चलाकर देश की महिलाओं का अपमान कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button