Demand of villagers: पान मसाला फैक्ट्री में भारी अनियमितता हुई उजागर, रहवासियों ने की बंद करने की मांग

Demand of villagers: बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित राजश्री पान मसाला फैक्ट्री में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। स्थानीय नागरिकों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें श्रमिकों की अवैध भर्ती, औद्योगिक नियमों की अनदेखी और पर्यावरणीय उल्लंघन शामिल हैं। छेत्र वासियों ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा बाहरी श्रमिकों को बिना किसी पुलिस सत्यापन के नियुक्त किया जा रहा है।

इससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा फैक्ट्री परिसर में हो गया है, जिससे कभी भी कोई बड़ा अपराध घट सकता है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में औद्योगिक नियमों का पालन सही तरीके से नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की औद्योगिक दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। इससे न केवल श्रमिकों की जान खतरे में है, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है।

फैक्ट्री द्वारा पर्यावरणीय नियमों की भी अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट और धुएं के कारण वायु और जल दोनों प्रदूषित हो रहे हैं। साथ ही, फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया में भी अनदेखी की जा रही है। इस कारण क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगारों में भारी रोष व्याप्त है। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि कानून का पालन सुनिश्चित किया जा सके और जनहित की रक्षा हो सके। स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा है कि यदि इस विषय को गंभीरता से नहीं लिया गया तो जल्द ही उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button