कोटा के स्कूल में समर कैंप के दौरान मासूम बच्चों से कराई जा रही सफाई, वीडियो वायरल

कोटा:छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों में इन दिनों समर कैंप चल रहे हैं, जहां बच्चों को खेल, कला, संगीत और अन्य गतिविधियों के जरिए उनके कौशल को निखारने का मौका दिया जा रहा है। लेकिन इसी बीच कोटा क्षेत्र के कोइलारी प्राथमिक शाला से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है।
यहां समर कैंप के दौरान बच्चों से झाड़ू-पोछा करवाया जा रहा है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे स्कूल की सफाई करते नजर आ रहे हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि सरकार की ओर से स्कूलों में सफाईकर्मी की नियुक्ति पहले से ही की गई है। इसके बावजूद बच्चों से इस तरह का काम करवाना कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोग और अभिभावक इस मामले को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।





