गांव मांदरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, ग्रामीणों से की सीधी बातचीत, 3.90 करोड़ की घोषणाएं

कांकेर (उत्तर बस्तर)– सुशासन तिहार के अंतिम चरण में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हेलीकॉप्टर उत्तर बस्तर जिले के ग्राम मांदरी में उतरा। गांव पहुंचते ही उन्होंने पंचायत भवन के शेड के नीचे चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सब से मिलकर ऐसा लग रहा है जैसे मैं अपने परिवार के बीच हूं।” उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार का मकसद सरकार की योजनाओं का गांव-गांव जाकर जायजा लेना है। पहले चरण में आवेदन लिए गए, दूसरे में कार्यवाही हुई और अब सरकार खुद गांवों तक पहुंच रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने शपथ लेते ही प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के तहत 18 लाख प्रधानमंत्री आवास मंजूर किए हैं और हर जरूरतमंद को आवास मिलेगा। ‘आवास प्लस’ योजना में जिनका नाम है, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई है। यह योजना महिलाओं की आर्थिक मजबूती और सशक्तिकरण के लिए है।
ग्राम पंचायतों में शुरू हुई अटल डिजिटल सेवा केंद्र की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अब गांवों में ही बैंकिंग और अन्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह सेवा अभी 1460 पंचायतों में शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से छत्तीसगढ़ी भाषा में संवाद किया और बिजली, राशन व महतारी वंदन योजना की स्थिति के बारे में जानकारी ली। हितग्राही इतवारीन आचला ने बताया कि उन्हें योजना से मिली राशि से बेटी के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुल 3.90 करोड़ रुपये की घोषणाएं कीं, जिनमें शामिल हैं:
मांदरी हाई स्कूल की बाउंड्रीवाल के लिए ₹20 लाख
मांदरी आंगनबाड़ी केंद्र की बाउंड्रीवाल के लिए ₹5 लाख
साल्हेभांट से टीरउ सलाम घर तक सीसी रोड (600 मीटर) के लिए ₹15 लाख
झुरा नाला से खेतों तक सिंचाई लाइन विस्तार के लिए ₹3.50 करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह से पारदर्शी व्यवस्था की ओर बढ़ रही है और तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा रही है। सरकार का मकसद हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की और कहा कि सरकार की सीधी भागीदारी से उन्हें भरोसा और हौसला मिल रहा है।





